दुर्ग, 24 जून (आरएनएस)। दुर्ग जिले में डायल-112 सेवा को और अधिक त्वरित, संवेदनशील एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक द्वारा डायल-112 में पदस्थ कर्मचारियों एवं चालकों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आपातकालीन घटनाओं पर समयबद्ध कार्रवाई, पीडि़तों को तत्काल सहायता तथा आमजन के प्रति बेहतर व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों एवं चालकों को कैश रिवार्ड और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
बैठक में ग्रामीण एवं शहरी थाना क्षेत्रों में संचालित ईआरयू वाहनों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि डायल-112 के माध्यम से प्राप्त प्रत्येक इवेंट पर त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए निर्धारित समय सीमा में घटनास्थल पहुंचकर प्रभावी सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही नागरिकों के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने तथा आपात परिस्थितियों में बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया गया।
समीक्षा के दौरान सी-4 रायपुर से प्राप्त इवेंटों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले डायल-112 के कर्मचारियों एवं चालकों को सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि डायल-112 पुलिस और आमजन के बीच त्वरित सहायता का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रत्येक कर्मचारी और चालक को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में पीडि़त तक समय पर पहुंचकर सहायता उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित करने से अन्य कर्मियों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।
सम्मानित कर्मचारियों में प्रधान आरक्षक भगतराम चंद्रवंशी तथा आरक्षक राजेश कुमार पाल, कौशलेंद्र सिंह, योगेंद्र बिलोने, शकील खान, गौतम भट्ट, बी. लक्ष्मण राव, सुमन मंडावी, हेमेन्द्र बंछोर, त्रिलोचन ठाकुर, फल्गो वर्मा और यशवंत देशमुख शामिल रहे। वहीं चालक संतोष कुमार, गोविंदा सिंह, तोपेश सोनवानी, बग्गा सिंह, लोकेश कुमार, डेविड ठाकुर, अश्वनी कुमार, सुनील कुमार, विनोद कुमार, सुनील देशमुख, भीषम साहू, हेमंत कुमार, मनोज चंद्राकर, दिलेश्वर साहू, प्रीतम जांगड़े, थानेश्वर साहू, झानेश्वर एवं चित्रसेन को भी सम्मानित किया गया।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में डायल-112 सेवा का उपयोग करें तथा पुलिस को सही एवं समय पर सूचना देकर कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
0

