गरियाबंद, 25 जून (आरएनएस)। किसानों के हितों की सुरक्षा और कृषि सामग्री की कालाबाजारी पर रोक लगाने के अभियान के तहत गरियाबंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से परिवहन की जा रही 126 क्विंटल डीएपी खाद और एक मेंटाडोर वाहन जब्त किया है। कार्रवाई में कुल 8.78 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जप्त की गई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना देवभोग क्षेत्र के ग्राम तेतलखुटी में एक मेंटाडोर आईसर वाहन क्रमांक ष्टत्र 07 ष्ट्य 3719 के जरिए बड़ी मात्रा में डीएपी खाद का अवैध परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही देवभोग पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोका और जांच शुरू की।

जांच के दौरान वाहन से 280 बोरी डीएपी खाद बरामद हुई। प्रत्येक बोरी में लगभग 45 किलोग्राम खाद भरी हुई थी। इस तरह कुल 12,600 किलोग्राम (126 क्विंटल) डीएपी खाद बरामद की गई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 3 लाख 78 हजार रुपये आंकी गई है। वाहन चालक युधिष्ठिर दनता (42 वर्ष) निवासी ग्राम इंदागांव, थाना इंदागांव, जिला गरियाबंद से खाद परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह संतोषजनक अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका। प्रथम दृष्टया मामला अवैध परिवहन का पाए जाने पर पुलिस ने खाद और वाहन दोनों को जब्त कर लिया। पुलिस के अनुसार जब्त मेंटाडोर वाहन की अनुमानित कीमत 5 लाख रुपये है। इस प्रकार कार्रवाई में कुल 8 लाख 78 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। मामले की सूचना संबंधित कृषि विभाग को भेज दी गई है। पुलिस अब खाद के स्रोत, गंतव्य और इस अवैध परिवहन से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। गरियाबंद पुलिस ने कहा है कि किसानों के हितों को प्रभावित करने वाली कालाबाजारी, अवैध भंडारण और कृषि सामग्री के अवैध परिवहन के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
० पुलिस की अपील
गरियाबंद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि खाद, बीज या अन्य कृषि सामग्री के अवैध भंडारण, कालाबाजारी अथवा अवैध परिवहन की जानकारी मिलने पर तत्काल निकटतम पुलिस थाना या संबंधित विभाग को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
बंछोर
000

