जशपुर, 25 जून (आरएनएस)। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के तहत जनपद पंचायत मनोरा के सभागार में बैंक लिंकेज एवं मुद्रा लिंकेज मेले का आयोजन किया गया। मेले में विकासखंड के विभिन्न स्व-सहायता समूहों की करीब 200 महिलाओं ने भाग लेकर स्वरोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम के दौरान विकासखंड मनोरा के विभिन्न बैंकों द्वारा 64 मुद्रा ऋण प्रकरणों में 56.40 लाख रुपये तथा 75 स्व-सहायता समूहों को बैंक लिंकेज ऋण के रूप में 1.87 करोड़ 50 लाख रुपये की स्वीकृति एवं वितरण किया गया। मेले का उद्देश्य स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को बैंकिंग सुविधाओं से जोडऩा, स्वरोजगार को बढ़ावा देना तथा उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना था। कार्यक्रम में बैंक प्रतिनिधियों ने विभिन्न ऋण योजनाओं और वित्तीय सहायता संबंधी जानकारी भी साझा की। इस अवसर पर जनपद सदस्य रंजीत भगत, अमीन खान, राकेश तिवारी, रघुनाथ राम, जनपद पंचायत मनोरा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रवि बघेल, बिन्सेंट तिर्की, विभिन्न बैंकों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्व-सहायता समूहों की महिलाएं उपस्थित रहीं। आयोजकों ने बताया कि ऐसे कार्यक्रमों से ग्रामीण महिलाओं को वित्तीय संसाधनों तक पहुंच आसान होती है और वे अपने स्वरोजगार एवं आजीविका गतिविधियों का विस्तार कर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकती हैं।
बंछोर
000

