मृतकों के परिजनों को 10 घायलो को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता
कोलकाता 25 जून (आरएनएस)। तारातला इलाके का ट्रांसपोर्ट डिपों इलाके में हुए वेयरहाउस हादसे में मृतकों की संख्या आज बढ़कर 11 हो गई। यह जानकारी वरीय अधिकारियों ने दी। उन्होंने बताया कि घटना के करीब 24 घंटे बाद भी बचाव दल सेना की उन्नत ”ग्राउंड पेनिट्रेटिंग रडारÓÓ (जीपीआर) प्रणाली की सहायता से मलबे को हटाने और गहन तलाशी अभियान चला रहे हैं। जबकि आज सुबह मलबे से एक व्यक्ति को जिंदा बचाया गया। वह करीब साढ़े 18 घंटे तक लोहे की बीम के नीचे फंसा था। वहीं बचाव अभियान से जुड़े सूत्रों के अनुसार, सुबह मलबे से पांच और लोगों को सुरक्षित निकाला गया, जिसके बाद मलबे से बाहर निकाले गए लोगों की कुल संख्या बढ़कर 30 हो गई। राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने विधानसभा में मृतकों के प्रत्येक परिजन को 10 लाख रुपये और प्रत्येक घायल को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
मृतकों में उत्तर 24 परगना के कृष्ण चौधरी, नदिया के रोहित चौधरी, पूर्व बद्र्धमान के राहुल चौधरी, कृष्णनगर के चंद्रमा चौधरी, श्यामनगर के पप्पू रजक, कोलकाता के खिदिरपुर निवासी अजगर हुसैन, बासंती के साहिल सरदार, बिहार के मुंगेर निवासी घी कुमार, मटियाबुर्ज के हसन इमाम, आसनसोल के नवीन सिंह और उपचार के दौरान जान गंवाने वाले गणेश कालिंदी शामिल हैं।
अधिकारियों के अनुसार, 19 घायलों का फिलहाल सरकारी अस्पताल में इलाज जारी है।
इस बीच, भारी बारिश के कारण बचाव अभियान लगभग एक घंटे तक रुक गया हालांकि पुलिस, दमकल विभाग, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और सेना के कर्मी घटनास्थल पर तैनात रहे। यह वेयरहाउस शहर में श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट के स्वामित्व वाली पट्टे पर दी गई भूमि पर बनाया जा रहा था। राहत और बचाव कार्य पूरी रात जारी रहा और इसकी निगरानी स्वास्थ्य सचिव नारायण स्वरूप निगम, कोलकाता पुलिस आयुक्त अजय नंदा तथा कोलकाता नगर निगम आयुक्त स्मिता पांडेय सहित राज्य सरकार और नागरिक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने की। राज्य सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मलबे में दबे लोगों का पता लगाने के लिए उपलब्ध सभी संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है। अधिकारी ने कहा, ”बचाव अभियान युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है। संभावित जीवित लोगों का पता लगाने के लिए विशेष उपकरणों सहित उन्नत संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। हमारी प्राथमिकता लोगों की जान बचाना और घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना है।ÓÓ मलबे में दबे लोगों का पता लगाने के लिए बचाव दल कैमरे भी इस्तेमाल कर रहे हैं। इसके साथ ही, जिन लोगों के मोबाइल फोन अब भी सक्रिय हैं, उनकी स्थिति का पता लगाने के लिए मोबाइल फोन टावर के आंकड़ों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि इस घटना के सिलसिले में अब तक कम से कम पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें गोदाम के मालिक शंभूनाथ बेहरा, संरचनात्मक अभियंता कमल सामंत, गुलजार हुसैन, दिवाकर भंडारी तथा अब्दुल हमीद शामिल हैं। कोलकाता पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ स्वत: संज्ञान लेते हुए गैर-इरादतन हत्या तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की है। बता दे कि, पोर्ट अंचल के तारातल्ला इलाके के ट्रांसपोर्ट डिपो अंचल में दोपहर 12:07 बजे निर्माणाधीन वेयरहाउस का शेड गिर गया। हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है और दर्जनों लोग घायल हुए हैं और कआ अबतक लापता हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

