०जगरगुंडा में डीबीटी लिंक शिविर से 153 हितग्राहियों को मिला लाभ
सुकमा,25 जून (आरएनएस)। जिले के दूरस्थ और संवेदनशील क्षेत्र जगरगुंडा में जिला प्रशासन ने प्रशासन आपके द्वार की भावना को साकार करते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के हितग्राहियों के लिए दो दिवसीय विशेष डीबीटी लिंक शिविर का आयोजन 23 जून और 25 जून को किया गया। कलेक्टर अमित कुमार के निर्देशन और जिला पंचायत सीईओ मुकुंद ठाकुर के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य उन हितग्राहियों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है, जिनकी आवास किश्त की राशि डीबीटी लिंक या केवाईसी संबंधी कारणों से लंबित थी। शिविर के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों, बैंक प्रतिनिधियों और ग्राम पंचायत के सचिवों की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर ही हितग्राहियों के दस्तावेजों का सत्यापन, डीबीटी लिंक और केवाईसी की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इस पहल से ग्रामीणों को बैंक और कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिली है, वहीं लंबित भुगतान की प्रक्रिया भी तेज हुई है। विशेष रूप से दूरस्थ क्षेत्रों में प्रशासन की यह सक्रिय उपस्थिति लोगों के बीच भरोसा और विश्वास मजबूत करने का काम कर रही है।जिला प्रशासन का यह अभिनव प्रयास शासन की नकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वीकृत आवासों के निर्माण में तेजी लाने और हितग्राहियों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में यह पहल एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है। जगरगुंडा जैसे दूरस्थ अंचल में पहुंचकर प्रशासन ने एक बार फिर यह साबित किया है कि जनसेवा और सुशासन उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

