रायपुर, 25 जून (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने प्रदेश के विभिन्न नगर निगमों, नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों में एल्डरमेन (मनोनीत पार्षद) नियुक्त करने का आदेश जारी किया है। राज्य सरकार ने छत्तीसगढ़ नगर पालिक निगम अधिनियम 1956 एवं नगर पालिका अधिनियम 1961 के तहत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए यह नियुक्तियां की हैं।
जारी आदेश के अनुसार सरगुजा, बलरामपुर, सूरजपुर, जशपुर तथा मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के विभिन्न नगरीय निकायों में कुल दर्जनों व्यक्तियों को मनोनीत पार्षद के रूप में नामित किया गया है। नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक प्रभावी रहेंगी।
सरगुजा संभाग के अंतर्गत नगर पालिक निगम अंबिकापुर, नगर पालिका सीतापुर, लखनपुर, बलरामपुर, रामानुजगंज, वाड्रफनगर, राजपुर, कुसमी, सूरजपुर, प्रतापपुर, विश्रामपुर, भटगांव, जरही, जशपुरनगर, पत्थलगांव, कुनकुरी सहित कई नगरीय निकायों में एल्डरमेन नियुक्त किए गए हैं। वहीं मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के चिरमिरी, मनेंद्रगढ़, झगराखंड, खोंगापानी, नई लेदरी और जनकपुर नगर निकायों में भी मनोनीत पार्षदों की नियुक्ति की गई है।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा जारी आदेश की प्रतिलिपि संबंधित कलेक्टरों, आयुक्तों, मुख्य नगर पालिका अधिकारियों एवं अन्य अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही हेतु भेजी गई है।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

