सारंगढ़ बिलाईगढ़ 25 जून (आरएनएस) कंचनपुर बैरियर पर बिछाए गए पुलिस के जाल में दो युवक फंस गए। उड़ीसा से रायगढ़ ले जाई जा रही गांजे की खेप को सरिया पुलिस ने बीच रास्ते में पकड़ लिया। कार्रवाई में 5 किलो से अधिक गांजा, अपाचे राइडर बाइक जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरिया थाना क्षेत्र में गुरुवार 25 जून को नशे के कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। मुखबिर से सूचना मिली थी कि काले रंग की टीवीएस अपाचे राइडर (CG 13 AX 2054) पर सवार दो युवक उड़ीसा से छत्तीसगढ़ के रास्ते रायगढ़ की ओर अवैध गांजा लेकर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम कंचनपुर बैरियर के पास घेराबंदी की और संदिग्ध बाइक को रोक लिया।
पूछताछ में बाइक चालक ने अपना नाम देवेन्द्र भट (20 वर्ष), पिता शिवप्रसाद भट, निवासी सोनुमुड़ा बजरंगपारा, थाना जुटमिल, जिला रायगढ़ तथा पीछे बैठे युवक ने अजय गिरी गोस्वामी (19 वर्ष), पिता सम्पत गिरी गोस्वामी, निवासी गेरवानी, थाना पूंजीपथरा, जिला रायगढ़ बताया। तलाशी लेने पर बाइक के बीच रखे नीले रंग के पिट्ठू बैग से खाकी रंग के प्लास्टिक टेप में लिपटे 5 पैकेट गांजा बरामद हुए, जिनका कुल वजन 5 किलो 155 ग्राम पाया गया। जब्त गांजे की कीमत करीब 50 हजार रुपये तथा घटना में प्रयुक्त बाइक सहित कुल जब्ती लगभग 1.50 लाख रुपये आंकी गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 125/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद परिजनों को सूचना देकर आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया, पीएसआई गजेन्द्र चन्द्राकर, सउनि मोतीलाल डनसेना सहित थाना स्टाफ और साइबर सेल सारंगढ़ की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बहरहाल, सरिया पुलिस की यह कार्रवाई साफ संकेत है कि नशे के कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

