नारायणपुर 26 जून (आरएनएस) घने जंगलों में छिपाकर रखे गए नक्सलियों के हथियारों के जखीरे और लाखों रुपये की नकदी पर सुरक्षा बलों ने ऐसा वार किया है, जिससे नक्सली संगठन को बड़ा झटका लगा है। नारायणपुर जिले के दो अलग-अलग इलाकों में चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने टेकला जंगल-पहाड़ी से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री बरामद की, जबकि छोटेडोंगर थाना क्षेत्र के तोयामेटा जंगल-पहाड़ी से 24 लाख रुपये नकद बरामद कर नक्सलियों के आर्थिक नेटवर्क पर भी करारा प्रहार किया।
नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत विश्वसनीय सूचना मिलने के बाद थाना ओरछा और थाना छोटेडोंगर क्षेत्र में संयुक्त सर्च अभियान चलाया गया। टेकला जंगल-पहाड़ी में तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा जमीन में छिपाकर रखा गया हथियार डंप खोज निकाला। यहां से एक इंसास रायफल, दो एसएलआर रायफल, दो .303 रायफल, दो 30-ओसी बंदूक, एक बीजीएल लॉन्चर, एक सिंगल शॉट बंदूक, 17 मैगजीन, 263 से अधिक जिंदा कारतूस, तीन डेटोनेटर, दो बायोफेंग स्कैनर सहित बड़ी मात्रा में युद्ध सामग्री बरामद की गई। यह बरामदगी नक्सलियों की बड़ी साजिश को नाकाम करने वाली मानी जा रही है।
इसी अभियान के दूसरे चरण में 25 जून 2026 को थाना छोटेडोंगर क्षेत्र के तोयामेटा जंगल-पहाड़ी में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई 24 लाख रुपये की नकद राशि बरामद की। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस रकम का इस्तेमाल नक्सली संगठन किस गतिविधि के लिए करने वाला था।
नारायणपुर पुलिस ने बताया कि जिले के संवेदनशील इलाकों में लगातार एरिया डोमिनेशन और सर्च अभियान चलाए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य नक्सलियों के हथियार, विस्फोटक और आर्थिक संसाधनों को खत्म कर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास को मजबूत करना है। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
बहरहाल, जंगलों में छिपे हथियारों के जखीरे और लाखों की नकदी बरामद होने से साफ है कि सुरक्षा बल अब केवल नक्सलियों की गतिविधियों पर ही नहीं, बल्कि उनके पूरे लॉजिस्टिक और फंडिंग नेटवर्क पर भी लगातार निर्णायक प्रहार कर रहे हैं।

