धमतरी,26 जून (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ शासन और पुलिस मुख्यालय की कल्याणकारी पहल के तहत भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के सैलरी पैकेज एमओयू का लाभ तीन दिवंगत पुलिस कर्मियों के आश्रित परिवारों को मिला। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार और एसबीआई अधिकारियों ने नामिनी परिजनों को कुल 1 करोड़ 20 लाख रुपये की बीमा दावा राशि के चेक प्रदान किए।कार्यक्रम में जिला दुर्ग में पदस्थ रहे दिवंगत आरक्षक रामेश्वर नेताम की नामिनी डामिन बाई को 1 करोड़ रुपये का बीमा दावा चेक सौंपा गया। वहीं, जिला धमतरी के दिवंगत आरक्षक कांतू ठाकुर की नामिनीराम बाई ठाकुर तथा दिवंगत आरक्षक धनेश देवांगन की नामिनी नेहा देवांगन को 10-10 लाख रुपये की बीमा राशि प्रदान की गई। इस तरह तीनों परिवारों को कुल 1.20 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता मिली।इस अवसर पर एसपी सूरज सिंह परिहार ने कहा कि पुलिस विभाग अपने कर्मचारियों के साथ-साथ उनके परिवारों के सुख-दुख में भी बराबर का सहभागी है। उन्होंने कहा कि पुलिस मुख्यालय की ऐसी कल्याणकारी योजनाएं यह सुनिश्चित करती हैं कि किसी पुलिसकर्मी के आकस्मिक निधन की स्थिति में उसके परिवार को आर्थिक संकट का सामना न करना पड़े। यह सहायता केवल आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि पुलिस परिवारों के प्रति विभाग की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता का प्रतीक है।एसपी ने परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और भरोसा दिलाया कि धमतरी पुलिस हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने एसबीआई प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बैंक की यह पहल पुलिस कर्मियों और उनके परिवारों को सुरक्षा और विश्वास प्रदान करती है।एसबीआई शाखा प्रबंधक चेतन सिंह ठाकुर ने बताया कि पुलिस कर्मियों के लिए बैंक के सैलरी पैकेज में बीमा सहित कई महत्वपूर्ण सुविधाएं शामिल हैं और भविष्य में भी बैंक पुलिस परिवारों को बेहतर सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, डीएसपी मीना साहू, डीएसपी यशकरण दीप ध्रुव, एसबीआई के एरिया मैनेजर राम देवांगन सहित पुलिस विभाग एवं बैंक के अधिकारी-कर्मचारी तथा दिवंगत पुलिस कर्मियों के परिजन उपस्थित रहे।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

