कटघोरा,26 जून (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के कटघोरा वनमंडल से वन्यजीवों का एक मनमोहक दृश्य सामने आया है। ऐतमा नगर परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सलिहाभाठा जलाशय में 13 हाथियों का एक बड़ा दल पानी में अठखेलियां करता नजर आया। भीषण गर्मी और उमस से राहत पाने के लिए हाथियों ने जलाशय में उतरकर जमकर डुबकियां लगाईं। इस दौरान नन्हे शावकों सहित पूरे दल की जलक्रीड़ा का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।कटघोरा वनमंडल में पिछले कई दिनों से लगभग 50 हाथियों का एक विशाल दल विचरण कर रहा है। इसी दौरान हाथियों का एक समूह सलिहाभाठा जलाशय पहुंचा, जहां उन्होंने पानी में मस्ती करने के साथ-साथ धूल स्नान का भी अनोखा नजारा पेश किया। वीडियो में कुछ विशालकाय हाथी अपनी सूंड़ से सूखी मिट्टी और धूल उड़ाकर अपने शरीर पर डालते दिखाई दे रहे हैं।वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, हाथी अपनी त्वचा को ठंडक पहुंचाने, तेज धूप और मच्छरों से बचाव के लिए नियमित रूप से ‘मड बाथÓ और ‘डस्ट बाथÓ करते हैं। यह उनकी प्राकृतिक जीवनशैली का हिस्सा है और त्वचा की सुरक्षा में मदद करता है।जलाशय में इतनी बड़ी संख्या में हाथियों की मौजूदगी से आसपास के ग्रामीणों में उत्सुकता का माहौल है। हालांकि, वन विभाग ने लोगों को हाथियों के करीब न जाने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सख्त सलाह दी है। अधिकारियों का कहना है कि हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

