बिलासपुर,26 जून (आरएनएस)। ग्राम बैटरी में लगातार हो रहे आपसी विवाद और तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए मल्हार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के सात लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार, 24 जून 2026 को ग्राम बैटरी निवासी जवाहरलाल कश्यप ने हनुमान प्रसाद वर्मा, बाबूलाल वर्मा, दयाराम व अन्य के खिलाफ मारपीट और विवाद की शिकायत दर्ज कराई थी, जिस पर मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से हनुमान प्रसाद वर्मा ने जवाहरलाल कश्यप, जीवन कश्यप, दुष्यंत कश्यप और प्रेमचंद पांडे सहित अन्य लोगों के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
दोनों पक्षों की शिकायतों पर कार्रवाई के बावजूद लगातार आरोप-प्रत्यारोप और गांव में विवाद की स्थिति बनी हुई थी। ग्रामीणों से
लगातार तनाव और शांति भंग होने की सूचना मिलने पर मल्हार पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
पुलिस ने बाबूलाल वर्मा (53), नंदकुमार वर्मा (40), रामरतन वर्मा (45), मधुसूदन कश्यप (54), दुष्यंत कश्यप (40), राजेश्वर उर्फ राजा (34) और प्रेमचंद पांडे (40), सभी निवासी ग्राम बैटरी, चौकी मल्हार के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया।
मल्हार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए कानून के अनुसार आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
०००


