०नवा रायपुर में राज्य स्तरीय समारोह, 2.50 लाख की पुरस्कार राशि से लोगो डिजाइन विजेता सम्मानित
रायपुर,26 जून (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल ने शुक्रवार को नवा रायपुर अटल नगर स्थित न्यू सर्किट हाउस परिसर में राज्य स्तरीय उपहार वितरण समारोह का आयोजन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंडल के नए लोगो का विमोचन किया और विशेष लकी ड्रॉ के विजेताओं को कार, बाइक, स्कूटी, टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन सहित अनेक आकर्षक पुरस्कार वितरित किए।
यह लकी ड्रॉ राज्य स्तरीय आवास मेला-2025 के तहत 23 नवंबर से 31 दिसंबर 2025 के बीच विभिन्न आवासीय एवं व्यावसायिक योजनाओं में पंजीयन कर भवन आबंटन प्राप्त करने वाले हितग्राहियों के लिए 22 जून 2026 को आयोजित किया गया था। समारोह में सभी चयनित विजेताओं को सम्मानपूर्वक पुरस्कार प्रदान किए गए। साथ ही नवीन लोगो डिजाइन प्रतियोगिता के विजेता रचनाकार को 2.50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि भी दी गई।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि पहले यह संस्था छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के रूप में जानी जाती थी, लेकिन अब इसमें अधोसंरचना विकास की नई जिम्मेदारी भी जुड़ गई है। उन्होंने कहा कि नया लोगो और नया स्वरूप मंडल की नई सोच और नई दिशा का प्रतीक है। उन्होंने सभी लकी ड्रॉ विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेशभर के लोगों को मंडल की योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने की। उन्होंने कहा कि अधोसंरचना विकास के क्षेत्र में मंडल की भूमिका लगातार मजबूत हो रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न विकास कार्यों में मंडल का महत्वपूर्ण योगदान रहा है, जिससे प्रदेश के विकास को नई गति मिली है।
छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने कहा कि मंडल अब केवल आवास निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश के समग्र अधोसंरचना विकास में भी अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों को आवास उपलब्ध कराने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
समारोह में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में हितग्राहियों की उपस्थिति रही।
त्रिपाठी
०००


