रायपुर, 27 जून (आरएनएस)। राजधानी रायपुर में सार्वजनिक परिवहन को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की दिशा में पुलिस कमिश्नरेट ने एक और महत्वपूर्ण पहल की है। शनिवार को यातायात कार्यालय परिसर कालीबाड़ी में पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने ऑटो और ई-रिक्शा वाहनों पर क्यूआर कोड चस्पा करने के अभियान का शुभारंभ किया। इसके साथ ही यातायात, साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और सड़क सुरक्षा पर आधारित जागरूकता फिल्मों का भी प्रदर्शन किया गया।

पुलिस कमिश्नरेट द्वारा 20 मई 2026 से ऑटो और ई-रिक्शा वाहनों के डिजिटल पंजीयन का अभियान शुरू किया गया था। महज 15 दिनों में 15,047 ऑटो और ई-रिक्शा वाहनों का ऑनलाइन पंजीयन पूरा कर रायपुर ने गोल्डन बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉड्र्स में अपना नाम दर्ज कराया है। इस उपलब्धि पर गोल्डन बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉड्र्स की टीम ने पुलिस अधिकारियों को प्रमाण-पत्र और मेडल प्रदान किए।

दूसरे चरण के तहत अब सभी पंजीकृत ऑटो और ई-रिक्शा में क्यूआर कोड लगाया जाएगा। यात्री सफर से पहले या यात्रा के दौरान मोबाइल के कैमरे से क्यूआर कोड स्कैन कर वाहन और चालक की पूरी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इससे यात्रियों की सुरक्षा बढ़ेगी, अपराधों पर नियंत्रण में मदद मिलेगी और वाहन में सामान छूट जाने की स्थिति में चालक से संपर्क करना भी आसान होगा।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने कहा कि शहर में सुरक्षित और सुव्यवस्थित सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से केवल क्यूआर कोड लगे ऑटो और ई-रिक्शा में ही यात्रा करने की अपील की।
पुलिस ने बताया कि आगामी चरण में ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों को परिचय-पत्र जारी किए जाएंगे तथा ऑटो स्टैंडों का चिन्हांकन कर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस पहल से न केवल यातायात व्यवस्था मजबूत होगी बल्कि अपराध नियंत्रण में भी सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान यातायात, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और सड़क सुरक्षा से संबंधित लघु फिल्मों की स्क्रीनिंग भी की गई। इन फिल्मों का प्रसारण सोशल मीडिया, शहर के एलईडी स्क्रीन, मॉल और पीवीआर सिनेमाघरों के माध्यम से किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक जागरूकता का संदेश पहुंच सके।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले, डीसीपी मयंक गुर्जर, डीसीपी संदीप पटेल, डीसीपी स्मृतिक राजनाला, एडीसीपी अर्चना झा, डीसीपी ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल विवेक शुक्ला सहित यातायात विभाग के अधिकारी, ऑटो यूनियन के पदाधिकारी और विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) सीमा अहिरवार ने आभार व्यक्त किया।
0

