रायगढ़, 27 जून (आरएनएस)। रायगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए फ्लोरा मैक्स चिटफंड कंपनी से जुड़े 49.50 लाख रुपये की ठगी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में धरमजयगढ़ पुलिस ने आरोपी श्याम सिंह राजपूत और बलराम बंजारा उर्फ बल्लू को अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी स्व-रोजगार और बैंक लोन दिलाने का झांसा देकर ग्रामीण महिलाओं से धोखाधड़ी करने वाले गिरोह से जुड़े थे।
पुलिस के अनुसार, ग्राम चैनपुर निवासी बाल कुमारी राठिया की शिकायत पर 5 दिसंबर 2024 को थाना धरमजयगढ़ में मामला दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया कि फ्लोरा मैक्स कंपनी के संचालकों ने आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को स्व-रोजगार का सपना दिखाकर समूह बनाए, उनके नाम पर बैंकों से 30-30 हजार रुपये का ऋण दिलवाया और विभिन्न स्थानों पर दुकानें खुलवाईं। दुकानों से होने वाली आय पर कंपनी के संचालकों ने कब्जा कर लिया, जबकि महिलाओं को प्रतिमाह 2,700 रुपये देने का वादा भी पूरा नहीं किया। इससे महिलाओं पर बैंक ऋण का बोझ बढ़ गया।
जांच में पता चला कि कंपनी के डायरेक्टर अखिलेश सिंह, राजू सिंह, गुडिय़ा देवी राजपूत, श्याम सिंह राजपूत, बलराम बंजारा तथा अन्य सहयोगियों ने धरमजयगढ़ क्षेत्र के चैनपुर, सिथरा, जबगा और जमाबीरा गांव की 165 महिलाओं से लगभग 49.50 लाख रुपये की ठगी की थी। इस संबंध में थाना धरमजयगढ़ में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के साथ छत्तीसगढ़ निक्षेपकों का संरक्षण अधिनियम एवं इनामी चिट एवं धन परिचालन स्कीम (प्रतिबंध) अधिनियम, 1978 के तहत अपराध दर्ज किया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले में पूर्व में कंपनी की एजेंट मंजू चौहान को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। उसके कब्जे से स्कूटी, महिलाओं की जमा राशि की रसीदें, बैंक ऋण संबंधी दस्तावेज, रजिस्टर और कंपनी की प्रचार सामग्री बरामद की गई थी। वहीं कंपनी के अन्य आरोपी अखिलेश सिंह, राजू सिंह और गुडिय़ा देवी पहले से ही कोरबा जिले के एक अन्य धोखाधड़ी मामले में जेल में निरुद्ध हैं।
ऑपरेशन क्लीन हंट के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने श्याम सिंह राजपूत को जांजगीर-चांपा जिले के हथनेवरा और बलराम बंजारा उर्फ बल्लू को खरसिया क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने अपने अपराध में संलिप्तता स्वीकार कर ली। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत आर्थिक अपराधों और फरार आरोपियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आम जनता की मेहनत की कमाई हड़पने वालों को हर हाल में कानून के दायरे में लाया जाएगा।
0

