0 न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल
जशपुर, 28 जून (आरएनएस)। जशपुर जिले के लोदाम थाना क्षेत्र में घर में घुसकर महिला से छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 34 वर्षीय पीडि़ता ने 26 जून को थाना लोदाम में शिकायत दर्ज कराई थी कि 25 जून की सुबह वह घर में अकेली थी। इसी दौरान क्षेत्र के एक ढाबा संचालक मंजीत सिंह उर्फ बिल्ला सरदार (42 वर्ष) उसके घर में घुस आया और गलत नीयत से उसके साथ छेड़छाड़ तथा अश्लील हरकत करने लगा।
शिकायत के मुताबिक, विरोध करने पर आरोपी ने पीडि़ता के समुदाय का नाम लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं और उसके पति को छोड़कर अपने साथ पत्नी बनकर रहने का दबाव बनाते हुए जबरदस्ती करने का प्रयास किया। आरोपी की हरकतों से घबराकर महिला शोर मचाते हुए घर से बाहर निकल गई, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। बाद में पीडि़ता ने पूरी घटना की जानकारी अपने पति को दी और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना लोदाम पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74, 331(3), 296 तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1)(ब) और 3(2)(ङ्क)(क) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मंजीत सिंह उर्फ बिल्ला सरदार को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि महिलाओं से जुड़े अपराधों के मामलों में जशपुर पुलिस पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई कर रही है। ऐसे अपराधों में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
0

