नई दिल्ली,28 जून(आरएनएस)। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी उत्कृष्ट परिचालन व्यवस्था का परचम लहराया है. सार्वजनिक परिवहन के क्षेत्र की प्रतिष्ठित वैश्विक संस्था इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ पब्लिक ट्रांसपोर्ट (यूआईटीपी) ने डीएमआरसी को ऑपरेशनल एक्सीलेंस (परिचालन उत्कृष्टता) श्रेणी में यूआईटीपी अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया है. ये पुरस्कार डीएमआरसी को यात्रियों के लिए विकसित की गई स्मार्ट डोर-टू-डोर यात्रा सेवा व सतत शहरी परिवहन को बढ़ावा देने के लिए किए गए नवाचारों के आधार पर प्रदान किया गया.
डीएमआरसी के प्रधान कार्यकारी निदेशक (कॉरपोरेट कम्युनिकेशंस) अनुज दयाल ने बताया कि यह सम्मान 23 जून 2026 को ब्रुसेल्स (बेल्जियम) में आयोजित यूआईटीपी अवार्ड समारोह के दौरान प्रदान किया गया है. उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार दिल्ली मेट्रो की विश्वस्तरीय सेवाओं, आधुनिक तकनीक के उपयोग व यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे निरंतर प्रयासों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली मान्यता है.
अनुज दयाल के मुताबिक, डीएमआरसी की स्मार्ट डोर-टू-डोर यात्रा सेवा का उद्देश्य यात्रियों को घर से अंतिम गंतव्य तक बिना किसी परेशानी के एकीकृत यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है. इस सेवा में फर्स्ट माइल व लास्ट माइल कनेक्टिविटी, रियल-टाइम ट्रैवल इंफॉर्मेशन तथा सीमलेस टिकटिंग सिस्टम को एक ही प्लेटफॉर्म पर जोड़ा गया है. इससे यात्रियों को अलग-अलग माध्यमों के लिए अलग-अलग टिकट लेने या कई ऐप का इस्तेमाल करने की जरूरत नहीं पड़ती है. उन्होंने बताया कि यह पूरी सुविधा दिल्ली मेट्रो सारथी ऐप के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है.
एआई आधारित यह एकीकृत प्लेटफॉर्म मेट्रो और अन्य परिवहन सेवाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करता है. यात्री इस ऐप पर अपने घर से लेकर अंतिम गंतव्य तक की पूरी यात्रा की योजना बना सकते हैं, यात्रा बुक कर सकते हैं व एकीकृत किराए का भुगतान भी कर सकते हैं. इसमें घर से मेट्रो स्टेशन तक की यात्रा, मेट्रो से सफर और स्टेशन से अंतिम गंतव्य तक पहुंचने की सुविधा एक ही व्यवस्था के तहत उपलब्ध होती है.
अनुज दयाल ने कहा कि इस पहल का सबसे बड़ा लाभ यह है कि यात्रियों का समय बचता है, यात्रा अधिक सुविधाजनक बनती है और निजी वाहनों पर निर्भरता कम होने से प्रदूषण घटाने में भी मदद मिल रही है. यह व्यवस्था दिल्ली में टिकाऊ व पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने बताया कि यूआईटीपी का ऑपरेशनल एक्सीलेंस अवार्ड दुनिया भर की उन सार्वजनिक परिवहन एजेंसियों को दिया जाता है, जिन्होंने दैनिक परिचालन, तकनीकी नवाचार, सेवा गुणवत्ता व यात्रियों पर सकारात्मक प्रभाव के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया हो. ऐसे में डीएमआरसी का इस श्रेणी में सम्मानित होना न सिर्फ दिल्ली बल्कि पूरे भारत के सार्वजनिक परिवहन क्षेत्र के लिए गर्व की बात है.
डीएमआरसी की ओर से यह पुरस्कार डॉ. अमित कुमार जैन, निदेशक (परिचालन एवं सेवाएं) और रजनीश राणा, अपर महाप्रबंधक (परिचालन), ने समारोह में प्राप्त किया. डीएमआरसी का कहना है कि भविष्य में भी यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने, डिजिटल तकनीकों का अधिक से अधिक उपयोग करने व सार्वजनिक परिवहन को और अधिक स्मार्ट, सुरक्षित तथा पर्यावरण-अनुकूल बनाने के प्रयास जारी रहेंगे. दिल्ली मेट्रो पहले भी समयबद्ध परिचालन, स्वच्छता, सुरक्षा व तकनीकी नवाचारों के लिए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई सम्मान हासिल कर चुकी है. अब यूआईटीपी अचीवमेंट अवार्ड मिलने से डीएमआरसी की वैश्विक पहचान व मजबूत हुई है.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

