श्रीनगर,29 जून(आरएनएस)। जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोमवार को दक्षिण कश्मीर स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा मंदिर में ‘प्रथम पूजाÓ की. इसके साथ ही तीन जुलाई से शुरू हो रही वार्षिक अमरनाथ यात्रा की औपचारिक शुरुआत हो गई.
उपराज्यपाल ने बाबा बर्फानी के दर्शन और आशीर्वाद लिया और सभी के लिए शांति, समृद्धि, स्वास्थ्य और भलाई के लिए प्रार्थना की. उन्होंने बाबा बर्फानी के भक्तों से बड़ी संख्या में तीर्थयात्रा में शामिल होने की अपील करते हुए इस आध्यात्मिक यात्रा का अनुभव करने का भी अनुरोध किया.
उन्होंने कहा कि प्रशासन, श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के अलावा सेना, पुलिस, सुरक्षा बल, स्थानीय समुदाय, सेवा प्रदाता और स्वयंसेवक भक्तों के लिए सुरक्षित, निर्बाध और यादगार तीर्थयात्रा के लिए पूरी तरह से समन्वय बनाकर काम कर रहे हैं.
सिन्हा ने कहा कि बेहतर बुनियादी ढांचा, अच्छी सुविधाओं और लोगों के सहयोग के साथ अधिकारी तीर्थयात्रियों का आध्यात्मिक रूप से संतोषजनक यात्रा के लिए स्वागत करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.
बता दें कि श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड प्रतिवर्ष ज्येष्ठ पूर्णिमा पर गुफा मंदिर में ‘प्रथम पूजाÓ का आयोजन करता है. 57 दिनों की अमरनाथ यात्रा तीन जुलाई को दो पारंपरिक मार्गों, अनंतनाग जिले में पहलगाम मार्ग और गांदरबल जिले में बालटाल मार्ग से औपचारिक रूप से प्रारंभ हो जाएगी. अमरनाथ यात्रा 28 अगस्त को रक्षा बंधन पर संपन्न होगी.
उपराज्यपाल के साथ पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात, विशेष डीजी (समन्वय) एसजेएम गिलानी, एसएएसबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनदीप भंडारी और कश्मीर के मंडल आयुक्त अंशुल गर्ग ने भी बाबा बर्फानी के दर्शन किए.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

