धमतरी, 30 जून (आरएनएस)। धमतरी जिले में एक हत्या के मामले का खुलासा हुए कुछ ही घंटे बीते थे कि कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम डाही में एक और सनसनीखेज हत्या हो गई। शराब के नशे में हुए विवाद के बाद दोस्तों ने एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में आठ लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, 29 जून की रात करीब 8 से 9 बजे के बीच ग्राम डाही स्थित शीतला मंदिर के सामने टॉवर के पास 8-9 युवक बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान हुलास मंडावी (35 वर्ष) का एक युवक से विवाद हो गया। दोनों के बीच गाली-गलौज शुरू हो गई, जिसे मौजूद लोग शांत कराने का प्रयास कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि हुलास मंडावी ने वहां मौजूद अन्य लोगों से भी विवाद शुरू कर दिया। इससे नाराज होकर आरोपियों ने उसकी हाथ, मुक्कों और डंडों से पिटाई की। इसके बाद एक बड़े पत्थर से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कुरूद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए कुरूद भेज दिया। वहीं, सभी संदिग्धों को रात में ही हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक के पास शराब नहीं थी। उसने साथियों से शराब मांगी, जिसके बाद उसे शराब पिलाई गई। इसी दौरान वह कथित रूप से गाली-गलौज करने लगा और जान से मारने की धमकी देने लगा, जिसके बाद विवाद हिंसक हो गया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मामले में करीब आठ आरोपी हैं, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं। इनमें दो मुख्य आरोपी बताए जा रहे हैं, जबकि अन्य की भूमिका की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले का जल्द ही विस्तृत खुलासा किया जाएगा।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

