0- 50 से अधिक मकानों को नोटिस
धमतरी, 30 जून (आरएनएस)। रायपुर के नकटी गांव के बाद अब धमतरी जिले के कोलियारी गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर मंगलवार को तनावपूर्ण स्थिति बन गई। राजस्व विभाग द्वारा 50 से अधिक मकानों को खाली करने का अल्टीमेटम दिए जाने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और कार्रवाई का विरोध करते हुए अधिकारियों से तीखी बहस और नोकझोंक की।
ग्रामीणों का आरोप है कि एक निजी संस्थान को जमीन उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन उन पर दबाव बना रहा है और उन्हें उनके घरों से बेदखल करने की कोशिश की जा रही है। उनका कहना है कि धमतरी में भी रायपुर के नकटी गांव जैसी स्थिति पैदा की जा रही है।
वहीं, राजस्व विभाग का कहना है कि संबंधित भूमि पर 50 से अधिक मकान अवैध रूप से बनाए गए हैं। नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया के तहत संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर भूमि खाली करने के निर्देश दिए गए हैं।
नोटिस मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। इस दौरान राजस्व अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई, जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।
राजस्व अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि संबंधित लोगों को जल्द से जल्द अतिक्रमित भूमि खाली करनी होगी। वहीं, ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।
फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर रखे हुए है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

