0 राजस्व, वन एवं पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई में ट्रक और क्रेन जब्त
कवर्धा, 03 जुलाई (आरएनएस)। रेंगाखार तहसील अंतर्गत ग्राम भीमभौरी में आम के वृक्षों की अवैध कटाई एवं लकड़ी के अवैध परिवहन के मामले में राजस्व, वन एवं पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त रूप से प्रभावी कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान 12 आम के वृक्ष अवैध रूप से कटे हुए पाए गए तथा लकड़ी परिवहन में प्रयुक्त एक ट्रक एवं एक क्रेन को जब्त कर पुलिस की सुपुर्दगी में दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नायाब तहसीलदार प्रेमनारायण साहू को ग्राम भीमभौरी में अवैध रूप से वृक्ष कटाई की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही उन्होंने तत्काल राजस्व अमले के साथ मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। जांच के दौरान ग्राम भीमभौरी के खसरा क्रमांक 108 में 12 नग आम के वृक्ष कटे हुए पाए गए तथा लकडिय़ों को परिवहन के लिए तैयार किया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान कटे हुए ल_ों पर वन विभाग की मुहर अंकित दिखाई दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग को सूचित किया गया। मौके पर पहुंचे डिप्टी रेंजर भूपेंद्र कुमार द्वारा मुहर का सत्यापन किए जाने पर वह फर्जी पाई गई। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि अवैध लकड़ी को वैध दर्शाने के उद्देश्य से वन विभाग की नकली सील का उपयोग किया गया था।
प्रारंभिक जांच में यह भी जानकारी सामने आई कि कटे हुए आम के ल_ों को मध्य प्रदेश के इंदौर भेजने की तैयारी की जा रही थी। समय रहते प्रशासन की कार्रवाई से अवैध परिवहन को रोक दिया गया। मौके पर वन विभाग, राजस्व विभाग, पुलिस विभाग तथा स्थानीय ग्रामीणों की उपस्थिति में विधिवत पंचनामा एवं जब्ती की कार्रवाई की गई। मामले की विस्तृत जांच जारी है तथा अवैध वृक्ष कटाई, फर्जी सील के उपयोग एवं लकड़ी तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा अवैध वृक्ष कटाई एवं तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
0

