रायपुर, 04 जुलाईं (आरएनएस)। रायपुर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में शुक्रवार को धोखाधड़ी, वाहन चोरी, अमानत में खयानत और मादक पदार्थ तस्करी के कई मामले दर्ज किए गए। सिविल लाइन थाना में जमीन दिलाने के नाम पर 7.50 लाख रुपये की ठगी का मामला दर्ज हुआ है। पुलिस के अनुसार भुवन दास माणिकपुरी ने शिकायत में बताया कि जमीन की खरीदी-बिक्री का काम करने वाले आरोपी ने जमीन दिलाने का झांसा देकर उससे 7.50 लाख रुपये ले लिए, लेकिन न तो जमीन दिलाई और न ही रकम लौटाई। मामले में बीएनएस की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
इसी तरह मोवा थाना क्षेत्र के दुबे कॉलोनी से अज्ञात चोर ने घर के बाहर खड़ी हीरो डीलक्स मोटरसाइकिल (सीजी 04 एलयू 6651) चोरी कर ली। वाहन की कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है। वहीं सिविल लाइन थाना क्षेत्र में कटोरा तालाब स्थित मेडिकल दुकान और वाइन शॉप के बीच से एक एक्टिवा (सीजी 04 एचएम 5662) चोरी हो गई, जिसकी कीमत करीब 15 हजार रुपये है। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में भाठागांव स्थित अंग्रेजी शराब दुकान के सामने से फैशन प्रो मोटरसाइकिल (सीजी 04 डीएच 6141) चोरी होने का मामला दर्ज किया गया है। वहीं टिकरापारा थाना क्षेत्र में भाठागांव बस स्टैंड से होंडा शाइन मोटरसाइकिल (सीजी 23 पी 3948) चोरी कर ली गई। दोनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोवा थाना पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए धतका रोड कांपा क्षेत्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से पि_ू बैग में रखे 4 किलो 180 ग्राम गांजा बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ नारकोटिक्स अधिनियम की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
कबीर नगर थाना क्षेत्र में ऑटो पाट्र्स दुकान में अमानत में खयानत का बड़ा मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता मोहम्मद अनवर ने आरोप लगाया कि उनकी दुकान के कर्मचारियों ने मार्च से नवंबर 2025 के बीच करीब 14.37 लाख रुपये मूल्य के ऑटो पाट्र्स बेचकर रकम दुकान में जमा नहीं की और उसका स्वयं उपयोग कर लिया। पुलिस ने बीएनएस की धारा 316(4) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बंछोर
000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

