बलरामपुर, 04 जुलाईं (आरएनएस)। बलरामपुर जिले के पिपरसोत तुर्रापारा गांव में सर्पदंश की दर्दनाक घटना में दो सगे मासूम भाइयों की मौत हो गई। गुरुवार देर रात जहरीले सांप के काटने से गंभीर रूप से घायल हुए दोनों बच्चों ने इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, 9 वर्षीय विकास नागेसिया और उसका ढाई वर्षीय भाई विक्रांत नागेसिया गुरुवार रात करीब 11 बजे अपने एक अन्य भाई के साथ एक ही खटिया पर सो रहे थे। इसी दौरान घर में घुसे सांप ने विकास और विक्रांत को डस लिया। बच्चों के रोने की आवाज सुनकर परिजन कमरे में पहुंचे तो सांप दिखाई दिया। परिजनों ने तत्काल लोहे की कढ़ाई से सांप को ढककर घर के भीतर ही पकड़ लिया और दोनों बच्चों को इलाज के लिए बलरामपुर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों बच्चों की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान दोनों भाइयों की मौत हो गई। मृतक विकास चौथी कक्षा का छात्र था, जबकि विक्रांत आंगनबाड़ी जाता था। एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की असमय मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना ने इलाके को झकझोर कर रख दिया है। वहीं, परिजनों द्वारा पकड़े गए सांप की जानकारी भी वन विभाग और संबंधित अधिकारियों को दी गई है।
बंछोर
000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

