0 कई जिलों के लिए रेड, ऑरेंज और येलो चेतावनी जारी
रायपुर, 05 जुलाई (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है और कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 और 48 घंटों के लिए भारी से अत्यंत भारी वर्षा की चेतावनी जारी करते हुए विभिन्न जिलों के लिए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट घोषित किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, बिलासपुर और बस्तर संभाग के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। हालांकि, प्रदेश में अब तक मौसमी वर्षा सामान्य से करीब 46 प्रतिशत कम रही है। अगले दो दिनों में मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।
अगले 24 घंटे के लिए रेड अलर्ट
रायपुर, दुर्ग, बलौदाबाजार, राजनांदगांव, बेमेतरा, महासमुंद, बालोद, धमतरी, गरियाबंद और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों में एक-दो स्थानों पर बहुत भारी से अत्यंत भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।
अगले 24 घंटे के लिए ऑरेंज अलर्ट
कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, कांकेर, नारायणपुर, कोंडागांव, बस्तर, दंतेवाड़ा तथा बिलासपुर संभाग के अन्य जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।
अगले 24 घंटे के लिए येलो अलर्ट
सुकमा, बीजापुर और जशपुर जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
अगले 48 घंटे के लिए रेड अलर्ट
कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और मुंगेली जिलों में बहुत भारी से अत्यंत भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।
अगले 48 घंटे के लिए ऑरेंज अलर्ट
बिलासपुर, बेमेतरा, दुर्ग, बालोद, नारायणपुर, बीजापुर, कोरबा, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया और कांकेर जिलों में भारी बारिश का अनुमान है।
अगले 48 घंटे के लिए येलो अलर्ट
रायपुर, बलरामपुर, सरगुजा और सूरजपुर जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा है कि लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर सड़कें फिसलनभरी हो सकती हैं। निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बनने, प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित होने तथा यात्रा में अधिक समय लगने की संभावना है। साथ ही नहरों पर बने निचले पुलों पर आवागमन प्रभावित हो सकता है और खेतों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है।
प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

