रायपुर,8 जुलाई(आरएनएस)। उरला स्थित थ्रीडी फैक्ट्री में हुए विस्फोट में तीन मजदूरों की मौत और कई श्रमिकों के घायल होने की घटना पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने गहरा दुख जताते हुए राज्य सरकार और उद्योग प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने इसे उद्योग प्रबंधन के साथ-साथ सरकार की भी आपराधिक लापरवाही करार दिया है।दीपक बैज ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में औद्योगिक हादसों में लगातार मजदूरों की जान जा रही है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हो रहा। उन्होंने मांग की कि हादसे की न्यायिक जांच कराई जाए, घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा मृतकों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये और घायलों को 50-50 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए।उन्होंने दावा किया कि पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में औद्योगिक दुर्घटनाओं में 300 से अधिक मजदूरों की मौत हो चुकी है। उन्होंने सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर विस्फोट, रायपुर के गोदावरी प्लांट और बलौदाबाजार के स्वदेश मेटालिक प्लांट में हुई दुर्घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ये घटनाएं औद्योगिक सुरक्षा में गंभीर लापरवाही को दर्शाती हैं।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि उद्योगों में श्रमिकों से बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों और आवश्यक अनुमति के जोखिम भरे कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विरोध दर्ज कराती रही है, लेकिन सरकार इस ओर गंभीर नहीं है।दीपक बैज ने राज्य सरकार से प्रदेश के सभी उद्योगों में व्यापक सुरक्षा ऑडिट कराने और निर्धारित सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि रायगढ़, सिलतरा और बलौदाबाजार समेत विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में लगातार हो रहे हादसे प्रबंधन, सुरक्षा एजेंसियों और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हैं।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण कारखाना अधिनियम, 1948 और छत्तीसगढ़ कारखाना नियम, 1962 का प्रभावी पालन नहीं हो रहा है। उनके अनुसार, शिकायतें दर्ज होने के बावजूद कार्रवाई में ढिलाई बरती जाती है, जिससे औद्योगिक दुर्घटनाओं का सिलसिला लगातार जारी है।यह बयान छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संचार विभाग की ओर से जारी किया गया है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

