अल्मोड़ा,12 जुलाई (आरएनएस )। सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौखुटिया में आयोजित तीन दिवसीय निशुल्क स्पेशलिस्ट जनसेवा शिविर रविवार को संपन्न हो गया। अवकाश के दिन भी शिविर में सुबह से ही लोगों की भीड़ उमड़ी और दूरदराज के क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परीक्षण कराया। शिविर के अंतिम दिन 146 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसके अलावा 48 एक्स-रे और 53 रक्त जांचें भी की गईं। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमजद खान ने कहा कि शिविर का उद्देश्य दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके निवास के निकट विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक अतुल सक्सेना ने बताया कि तीन दिवसीय शिविर में कुल 710 मरीजों का पंजीकरण कर उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य एक ही स्थान पर लोगों को निशुल्क और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। शिविर में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. डी.एस. नेगी, डॉ. मनीष पाल, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. तोशी, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. देविका खत्री और शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अनंत गुप्ता सहित अन्य चिकित्सकों ने मरीजों का परीक्षण कर परामर्श दिया। शिविर के सफल संचालन में नवीन कांडपाल, खीम पाल भोज, एन.के. सकलानी, सीमा, हिमांशु जोशी, हरगोविन्द और चंदन पाठक सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। स्वास्थ्य विभाग ने भविष्य में भी ऐसे विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

