बलौदाबाजार, 13 जुलाईं (आरएनएस)। बलौदाबाजार डायल-112 की टीम ने मानवता और तत्परता की मिसाल पेश करते हुए जहरीले सांप के काटने से गंभीर रूप से घायल एक ग्रामीण की समय पर अस्पताल पहुंचाकर जान बचा ली। डॉक्टरों के अनुसार, मरीज को गोल्डन आवर में इलाज मिलने से बड़ा खतरा टल गया।

पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 11 बजे कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि बिलासपुर जिले के विकासखंड बिल्हा अंतर्गत ग्राम मोहतरा निवासी एक युवक को जहरीले सांप ने काट लिया है और उसकी हालत लगातार बिगड़ रही है। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली बलौदाबाजार की डायल-112 (बाज-2) टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। डायल-112 में तैनात आरक्षक बिजेंद्र साहू और पायलट विनोद सेन ने जिले की सीमा की परवाह किए बिना तत्काल ग्राम मोहतरा पहुंचकर गंभीर हालत में पीडि़त को सरकारी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिल्हा पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों को मरीज की स्थिति से अवगत कराया गया, जिसके बाद तुरंत उपचार शुरू किया गया। चिकित्सकों ने बताया कि सर्पदंश के मामलों में समय पर अस्पताल पहुंचना सबसे महत्वपूर्ण होता है। डायल-112 टीम की त्वरित कार्रवाई के कारण मरीज को समय रहते एंटी-स्नेक वेनम दिया गया, जिससे उसकी जान बच गई और अब उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। इस मानवीय पहल की पीडि़त परिवार, चिकित्सकों और स्थानीय ग्रामीणों ने सराहना की है। लोगों ने डायल-112 टीम की कर्तव्यनिष्ठा और त्वरित प्रतिक्रिया की प्रशंसा करते हुए इसे पुलिस की संवेदनशील कार्यशैली का उदाहरण बताया।
० पुलिस की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि बारिश के मौसम में सर्पदंश की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसी स्थिति में झाड़-फूंक या अंधविश्वास का सहारा लेने के बजाय पीडि़त को शांत अवस्था में रखकर तुरंत डायल-112 पर सूचना दें या नजदीकी शासकीय अस्पताल पहुंचाएं। समय पर उपचार ही सर्पदंश से जान बचाने का सबसे प्रभावी उपाय है।
बंछोर
०००

