दुर्ग, 13 जुलाईं (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में रविवार देर रात एक हिस्ट्रीशीटर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के कुंदरापारा में हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान लेखराम कोठारी के रूप में हुई है, जो पद्मनाभपुर थाना का हिस्ट्रीशीटर था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रविवार रात कुछ लोगों ने उस पर हमला कर लाठी-डंडों और अन्य हथियारों से बुरी तरह पीटा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पद्मनाभपुर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, लेखराम कोठारी को हाल ही में दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 151 के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। जेल से रिहा होने के बाद वह वापस इलाके में आया था। इसी बीच रविवार रात उसकी हत्या कर दी गई। हालांकि हत्या के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं। पुलिस का कहना है कि हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान के संबंध में जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद मामले का खुलासा किया जाएगा।
बंछोर
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

