सारंगढ़ बिलाईगढ़ 13 जुलाई (आरएनएस) बिलाईगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम गोविंदवन में घरेलू विवाद ने रविवार को भयावह रूप ले लिया, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर बांस के डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल देवंतीन साहू को सूचना मिलते ही पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाईगढ़ पहुंचाकर उपचार शुरू कराया। प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी परमेश्वर साहू पिता गणेश राम साहू के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा 109(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) बिलाईगढ़, एफएसएल टीम और थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। उपचार के दौरान महिला की मौत हो जाने पर प्रकरण में धारा 103(1) BNS जोड़ते हुए अपराध को हत्या में परिवर्तित कर दिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी शराब के नशे में उसे और उसके परिजनों को लगातार गाली-गलौज कर रही थी। समझाने के बावजूद विवाद शांत नहीं हुआ। इसी दौरान स्वयं भी नशे में होने के कारण उसने बांस के डंडे से पत्नी के सिर पर लगातार वार कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई पूरी की। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच पूरी कर उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ा दी है। गौरतलब है कि घरेलू विवाद और नशे की स्थिति में हुई यह घटना एक परिवार के लिए दर्दनाक त्रासदी बन गई, जिसकी निष्पक्ष जांच जारी है।

