रायपुर, 14 जुलाईं (आरएनएस)। रायपुर पुलिस ने शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मारपीट, धमकी और चोरी के पांच मामलों में अपराध दर्ज किया है। घटनाएं कोतवाली, खमतराई, मोवा, खम्हारडीह और दीनदयाल उपाध्याय नगर थाना क्षेत्र की हैं।
कोतवाली थाना क्षेत्र में कृष्णा पान ठेला, कालीबाड़ी चौक के पास एक व्यक्ति ने शराब पीने के लिए पैसे मांगने और पैसे नहीं देने पर गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने तथा मारपीट कर घायल करने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं खमतराई थाना क्षेत्र में रेलवे अस्पताल के पास डब्ल्यूआरएस कॉलोनी में उधार के पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया। शिकायत के अनुसार आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मारपीट कर चोट पहुंचाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
मोवा थाना क्षेत्र के आदर्श नगर में एक सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। अज्ञात चोर घर में घुसकर आलमारी में रखे चांदी के जेवर और एक मोबाइल फोन सहित कुल 10,590 रुपये की संपत्ति चोरी कर ले गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज किया है।
खम्हारडीह थाना क्षेत्र में आरोग्य अस्पताल के पास शंकर नगर में एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। शिकायत के मुताबिक आरोपी ने तू मेरी चुगली करता है कहकर गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस ने संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इधर दीनदयाल उपाध्याय नगर थाना क्षेत्र के झंडा चौक, चंगोराभाठा से अज्ञात चोर एक होंडा एक्टिवा (सीजी 04 एनयू 4721) चोरी कर ले गए। चोरी गई स्कूटी की कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
बंछोर
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

