जांजगीर-चांपा, 14 जुलाईं (आरएनएस)। सामुदायिक पुलिसिंग अभियान के तहत जांजगीर-चांपा पुलिस ने मंगलवार को चांपा थाना क्षेत्र के ग्राम सिवनी स्थित आदर्श कोसा सहकारी बुनकर समिति में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान सीएसपी योगिताबाली खापर्डे ने बुनकर महिलाओं से संवाद कर नशामुक्ति, साइबर सुरक्षा और महिला सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में समिति के संचालक मनमोहन देवांगन ने कोसा बुनाई की प्रक्रिया, समिति की गतिविधियों और महिलाओं को मिल रहे रोजगार की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समिति के माध्यम से बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं स्वरोजगार से जुड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं।
सीएसपी योगिताबाली खापर्डे ने महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे कोसा वस्त्रों और हथकरघा उद्योग की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय हस्तशिल्प और हथकरघा उद्योग ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कार्यक्रम में एक युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान के तहत महिलाओं को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। सीएसपी ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए घातक है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि यदि कहीं भी नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार या सेवन होता दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।
इसके साथ ही महिलाओं को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय भी बताए गए। ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने तथा सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने की सलाह दी गई। किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस और साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करने की अपील भी की गई।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य उमा राजेंद्र राठौर ने भी महिलाओं को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में थोड़ी-सी लापरवाही भी आर्थिक नुकसान का कारण बन सकती है, इसलिए किसी भी अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक या ओटीपी साझा करने से बचें।
वहीं, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक निकिता साहू ने महिला सुरक्षा, साइबर ठगी से बचाव, आपातकालीन पुलिस सहायता और विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए कहा कि जागरूकता और सतर्कता ही अपराधों की रोकथाम का सबसे प्रभावी माध्यम है।
कार्यक्रम के दौरान बुनकर महिलाओं ने पुलिस अधिकारियों से संवाद कर विभिन्न जानकारियां प्राप्त कीं और नशामुक्त एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में सहयोग देने का संकल्प लिया।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

