देहरादून,14 जुलाई(आरएनएस)। रिस्पना पुल के पास स्थित सीलबंद पैनेसिया अस्पताल को चोर निशाना बना रहे हैं। प्रशासन की सील के बावजूद बंद अस्पताल में दो बार चोरी की घटना सामने आई है। मामले में अस्पताल प्रबंधन ने नेहरू कॉलोनी थाने में सोमवार को केस दर्ज कराया है। अस्पताल के प्रबंधक रणबीर सिंह चौहान और निदेशक शुभम चंदेल ने पुलिस को तहरीर दी। कहा कि बीते 20 मई को अस्पताल में एसी में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई थी। घटना के बाद 22 मई को जिला प्रशासन ने अस्पताल को सील कर दिया था। सील बंद होने का फायदा उठाकर चोरों ने पहली बार 20 जून की रात वारदात को अंजाम दिया। पड़ोसियों ने रात में तोडफ़ोड़ की आवाजें सुनीं। अगले दिन जांच में अस्पताल के पीछे झाडिय़ों वाले प्लॉट में गद्दे व अन्य उपकरण बिखरे मिले, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद तीन जुलाई की रात करीब एक से दो बजे के बीच चोरों ने दोबारा धावा बोला। वहां मौजूद सुरक्षागार्ड विनोद भंडारी ने चोरों को सामान लेकर भागते देखा और पीछा किया। वे हाथ नहीं आए। कर्मचारी नवीन ध्यानी की सूचना पर चीता पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक चोर फरार हो चुके थे। प्रबंधन का कहना है कि प्रशासन से अस्पताल सीज होने के कारण अंदर रखे सामान की पूरी जांच अभी संभव नहीं है। एसओ नेहरू कॉलोनी मनोज नौटियाल ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

