देहरादून,14 जुलाई(आरएनएस)। दून मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में डॉक्टरों और कर्मचारियों की बायोमेट्रिक हाजिरी में लापरवाही सामने आने के बाद सख्ती की जा रही है। कई डॉक्टर और कर्मचारी नियमित रूप से बायोमेट्रिक हाजिरी दर्ज नहीं करा रहे हैं। कुछ कर्मचारियों ने तो पूरे महीने में केवल 10 से 12 दिन ही हाजिरी दर्ज कराई है। प्राचार्य ने सभी एचओडी को जारी पत्र में ऐसा कहा है, उन्होंने इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए प्राचार्य डॉ. गीता जैन ने सभी विभागाध्यक्षों और प्रभारियों को तत्काल प्रभाव से निर्देश जारी किए हैं। प्राचार्य ने कहा कि सभी चिकित्सक, संकाय सदस्य, अधिकारी, सीनियर और जूनियर रेजीडेंट, ट्यूटर, नर्सिंग अधिकारी, पैरामेडिकल स्टाफ, फार्मेसी कर्मचारी, नॉन-टीचिंग स्टाफ समेत सभी कर्मचारियों की हाजिरी अनिवार्य रूप से बायोमेट्रिक प्रणाली से दर्ज होनी चाहिए। आदेश में कहा गया कि विभागाध्यक्ष मासिक हाजिरी का सत्यापन बायोमेट्रिक रिकॉर्ड से करेंगे। इसके अनुसार वेतन आहरण के लिए विवरण प्राचार्य कार्यालय भेजा जाएगा। प्राचार्य ने स्पष्ट किया कि जिन डॉक्टरों या कर्मचारियों की बायोमेट्रिक हाजिरी दर्ज नहीं मिलेगी, उनके खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बायोमेट्रिक में दर्ज अनुपस्थित दिनों का वेतन भी जारी नहीं किया जाएगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

