जशपुर, 16 जुलाई (आरएनएस)। सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जशपुर पुलिस ने पुलिस मितान सम्मेलन आयोजित किया। सम्मेलन में थाना कुनकुरी, कांसाबेल, तपकरा, फरसाबहार तथा चौकी दोकड़ा, उपकछार और करडेगा क्षेत्र के करीब 1,000 पुलिस मितानों को पुलिस मितान टी-शर्ट और डिजिटल क्यूआर कोड स्टिकर वितरित किए गए। जिले के सभी 5,012 पुलिस मितानों को यह सामग्री चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाएगी।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि प्रत्येक पुलिस मितान अपने दोपहिया वाहन पर क्यूआर कोड स्टिकर लगाएगा। इस क्यूआर कोड को स्कैन कर कोई भी नागरिक संबंधित पुलिस मितान का नाम, गांव और संपर्क नंबर जैसी जानकारी प्राप्त कर सकेगा, जिससे आपातकालीन स्थिति में स्थानीय स्तर पर त्वरित सहायता और पुलिस तक सूचना पहुंचाना आसान होगा।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में जिले के प्रत्येक गांव में पुलिस अधिकारी नियुक्त किए गए हैं और प्रत्येक गांव से 10-11 स्वयंसेवकों को पुलिस मितान के रूप में जोड़ा गया है। ये पुलिस मितान पुलिस और ग्रामीणों के बीच सेतु बनकर कानून-व्यवस्था, सड़क सुरक्षा, साइबर जागरूकता, नशा मुक्ति, महिला एवं बाल सुरक्षा, टोनही प्रताडऩा, मानव तस्करी, गौ तस्करी और अन्य सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जनजागरूकता अभियान चलाएंगे।
सम्मेलन में डीआईजी डॉ. लाल उमेद सिंह ने ग्राम कोटवारों से भी पुलिस मितानों के साथ समन्वय स्थापित कर गांवों में सुरक्षा व्यवस्था और जनजागरूकता को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही सुरक्षित एवं समृद्ध समाज का निर्माण संभव है।
यातायात उप पुलिस अधीक्षक के.आर. चौहान ने पुलिस मितानों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए हेलमेट और सीट बेल्ट के नियमित उपयोग, यातायात नियमों के पालन तथा जिम्मेदार वाहन संचालन का संदेश दिया। उन्होंने राहवीर (गुड सेमिरिटन) योजना की जानकारी देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर के भीतर अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिक को शासन की ओर से 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि और सम्मान प्रदान किया जाता है। उन्होंने पुलिस मितानों से इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और दुर्घटना के समय घायलों की मदद के लिए आगे आने का आह्वान किया।
एसडीओपी विनोद मंडावी और चंद्रशेखर परमा ने भी पुलिस मितानों को गांवों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, संदिग्ध गतिविधियों की समय पर सूचना देने, साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने और सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में सभी पुलिस मितानों ने सड़क सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, नशा मुक्ति, महिला एवं बाल सुरक्षा सहित विभिन्न जनहित अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाने तथा पुलिस और समाज के बीच मजबूत समन्वय स्थापित करने का संकल्प लिया।
0

