अंबिकापुर, 16 जुलाईं (आरएनएस)। झारखंड के धनबाद जिले के एक वारंटी अभियुक्त को पुलिस की वैध अभिरक्षा से छुड़ाकर फरार कराने के मामले में सरगुजा पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस के अनुसार, धनबाद (झारखंड) के थाना बैंकमोड़ में पदस्थ उपनिरीक्षक अभय कुमार अपनी टीम के साथ 29 जून 2026 को वारंटी अभियुक्त साबिर आलम की गिरफ्तारी के लिए अंबिकापुर पहुंचे थे। मुखबिर से सूचना मिली थी कि साबिर आलम अपनी पहचान छिपाकर मोमिनपुरा क्षेत्र में रह रहा है।
धनबाद पुलिस ने मोमिनपुरा मस्जिद के पास स्कूटी से जा रहे एक व्यक्ति को रोककर पूछताछ की, जिसने अपना नाम साबिर आलम बताया। पुलिस उसके विरुद्ध वारंट की तामील की प्रक्रिया कर रही थी। इसी दौरान आरोपी ने आसपास मौजूद लोगों को बुला लिया। कुछ ही देर में वहां पहुंचे जुनैद खान, मोहम्मद जाहिद खान और अन्य लोगों ने कथित रूप से पुलिस टीम का विरोध करते हुए बल प्रयोग किया तथा वारंटी साबिर आलम को पुलिस अभिरक्षा से छुड़ाकर फरार करा दिया। घटना के बाद भीड़ का फायदा उठाकर अन्य लोग भी मौके से भाग निकले।
घटना की शिकायत पर थाना कोतवाली अंबिकापुर में अपराध क्रमांक 438/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा शिकायतकर्ता उपनिरीक्षक अभय कुमार और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने वीडियो कॉल और व्हाट्सएप के माध्यम से आरोपियों की पहचान कराई, जिसमें जुनैद खान (30 वर्ष) और मोहम्मद जाहिद खान (59 वर्ष) की घटना में मौजूदगी और वारंटी को छुड़ाने में भूमिका की पुष्टि हुई।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, सहायक उपनिरीक्षक अदीप प्रताप सिंह, सहायक उपनिरीक्षक विवेक पाण्डेय तथा साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना अभी जारी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

