नारायणपुर, 17 जुलाई (आरएनएस) नारायणपुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। थाना कोहकामेटा क्षेत्र के कच्चापाल जंगल में संयुक्त सर्चिंग के दौरान पुलिस और 58वीं वाहिनी बीएसएफ ने नक्सलियों का छिपाया गया हथियार डंप बरामद किया। कार्रवाई में दो रायफल, एक स्थानीय निर्मित बैरल लॉन्चर समेत बड़ी मात्रा में जिंदा कारतूस और अन्य सैन्य सामग्री जब्त की गई। मामले में वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
संयुक्त टीम नक्सल प्रभाव से मुक्त हो चुके इलाकों में छिपाए गए हथियार, विस्फोटक और अन्य संदिग्ध सामग्री की तलाश के लिए अभियान चला रही थी। इसी दौरान कच्चापाल के घने जंगल में जमीन के भीतर छिपाकर रखा गया हथियारों का जखीरा मिला। तलाशी के दौरान .303 और .315 रायफल, स्थानीय निर्मित बैरल लॉन्चर, विभिन्न बोर के जिंदा कारतूस, खाली मैगजीन, कारतूस फिलर तथा ट्रेसर रॉड बरामद किए गए।
बरामद हथियारों और गोला-बारूद को विधिवत जब्त कर थाना कोहकामेटा में मामला दर्ज करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अभियान नारायणपुर पुलिस और 58वीं वाहिनी बीएसएफ के संयुक्त नेतृत्व में संचालित किया गया। सुरक्षा एजेंसियां लगातार संवेदनशील क्षेत्रों में सर्चिंग बढ़ा रही हैं ताकि नक्सलियों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके और भविष्य में किसी भी वारदात की आशंका को समय रहते समाप्त किया जा सके।
फिलहाल, सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई से नक्सलियों के पुराने ठिकाने और छिपाए गए हथियार लगातार सामने आ रहे हैं। माना जा रहा है कि ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे, जिससे क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।

