खैरागढ़, 17 जुलाईं (आरएनएस)। किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) लोन स्वीकृत कराने का झांसा देकर एक किसान से 16.40 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में केसीजी पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को बैंक कर्मचारी बताकर किसान का विश्वास जीतता था और लोन स्वीकृत कराने के नाम पर लाखों रुपये ऐंठ लिए। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम गर्रा निवासी दिनाराम जंघेल (55 वर्ष) ने थाना छुईखदान में शिकायत दर्ज कराई थी कि अर्पित देवांगन (28 वर्ष), निवासी दुर्गा चौक, राजनांदगांव ने स्वयं को बैंक कर्मचारी बताते हुए किसान क्रेडिट कार्ड लोन दिलाने और बैंक में राशि जमा कराने का भरोसा दिलाया। आरोपी ने इसी बहाने प्रार्थी से अलग-अलग किस्तों में 16 लाख 40 हजार रुपये ले लिए, लेकिन न तो लोन स्वीकृत कराया और न ही रकम वापस की। शिकायत के आधार पर थाना छुईखदान में 14 जुलाई 2026 को अपराध क्रमांक 261/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 319(2) के तहत मामला कायम किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना छुईखदान पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान आरोपी का पता लगाकर 16 जुलाई को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे उपजेल सलोनी न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस ने आम नागरिकों, विशेषकर किसानों से अपील की है कि बैंक लोन या किसी भी वित्तीय योजना के नाम पर राशि जमा करने से पहले संबंधित बैंक या अधिकृत संस्था से जानकारी की पुष्टि अवश्य करें। किसी भी संदिग्ध प्रस्ताव या व्यक्ति के झांसे में आने से बचें और धोखाधड़ी की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
बंछोर
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

