नारायणपुर, 17 जुलाईं (आरएनएस)। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में चलाए जा रहे संयुक्त सर्चिंग अभियान के दौरान नारायणपुर पुलिस और 58वीं वाहिनी बीएसएफ को बड़ी सफलता मिली है। थाना कोहकामेटा क्षेत्र के कच्चापाल जंगल में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया हथियारों का डंप बरामद किया गया। बरामद हथियारों और गोला-बारूद को जब्त कर पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, जिले के नक्सलमुक्त क्षेत्रों में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाए गए हथियार, विस्फोटक और अन्य सामग्री की तलाश के लिए लगातार संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सुरक्षा बलों ने कच्चापाल के जंगल में छिपाकर रखा गया हथियारों का जखीरा बरामद किया। बरामद सामग्री में एक .303 रायफल, एक .315 रायफल, एक स्थानीय निर्मित बैरल लांचर, .303 बोर के 17 जीवित कारतूस, 7.62 मिमी के 10 जीवित कारतूस, 12 बोर के 4 कारतूस, .303 रायफल की एक खाली मैगजीन, दो कारतूस फिलर तथा तीन .303 ट्रेसर रॉड शामिल हैं। सुरक्षा बलों ने बरामद सभी हथियारों और सामग्री को जब्त कर थाना कोहकामेटा में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। नारायणपुर पुलिस ने बताया कि जिले में नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी है और सघन सर्चिंग के माध्यम से नक्सलियों के हथियारों के जखीरे तथा अन्य सामग्री बरामद कर उनकी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा रहा है। पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
बंछोर
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

