रायगढ़, 17 जुलाई (आरएनएस)। रायगढ़ पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहारÓ के तहत अवैध कबाड़ कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो ट्रक, एक माजदा वाहन और करीब 79 टन स्क्रैप कबाड़ जब्त किया है। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत करीब 48 लाख रुपये बताई गई है। तीनों मामलों में वाहन चालक स्क्रैप के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके चलते चोरी की संपत्ति होने के संदेह में वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पहली कार्रवाई 15 जुलाई को थाना पूंजीपथरा पुलिस ने तमनार चौक में की। मुखबिर की सूचना पर माजदा वाहन (CG-12-AY-0313) को रोककर जांच की गई, जिसमें करीब 3.39 टन टिन स्क्रैप मिला। चालक देवेन्द्र तिवारी (58) निवासी कोरबा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने करीब 5.91 लाख रुपये मूल्य के वाहन और कबाड़ को जब्त कर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की।
दूसरी कार्रवाई 16 जुलाई को थाना जूटमिल पुलिस ने कबीर चौक क्षेत्र में की। जांच के दौरान ट्रक (CG-13-AB-9599) में करीब 40.63 टन वजन का लोहे और टीन का स्क्रैप मिला। चालक महेन्द्र यादव (34) निवासी पलामू (झारखंड) माल के दस्तावेज नहीं दिखा सका। पुलिस ने ट्रक और करीब 9 लाख रुपये मूल्य के स्क्रैप को जब्त कर न्यायालय में इस्तगासा प्रस्तुत किया।
इसी दिन तीसरी कार्रवाई में जूटमिल पुलिस ने रायगढ़-सारंगढ़ मुख्य मार्ग पर ट्रक (ह्रक्र-15-स्-0187) से करीब 35.41 टन स्क्रैप बरामद किया। चालक दुर्योधन पाणिग्रही (52) निवासी बरगढ़ (ओडिशा) भी माल के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया। पुलिस ने ट्रक और करीब 8 लाख रुपये मूल्य के स्क्रैप को जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, तीनों मामलों में जब्त वाहनों और स्क्रैप सामग्री के वास्तविक स्वामित्व की जांच की जा रही है। साथ ही अवैध कबाड़ कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश जारी है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस अवैध कबाड़ के कारोबार पर लगातार सख्ती से कार्रवाई कर रही है। बिना वैध दस्तावेजों के कबाड़ की खरीद-बिक्री और परिवहन करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
0

