रायपुर 18 Jully (Rns) : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित संजय नगर के मदनी चौक में एक किराये के मकान से एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घर को सील कर जांच शुरू कर दी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, मृतकों में साजिद अली (50) का शव फंदे से लटका मिला, जबकि उनकी पत्नी राबिया, पुत्र इरशाद अली (19), पुत्री शाहिदा (17) और इरशाबा बेगम (16) के शव घर के एक कमरे में मिले। प्रथम दृष्टया आशंका है कि पांचों की मौत किसी विषैले पदार्थ के सेवन से हुई हो सकती है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी।
टिकरापारा थाना प्रभारी राजेश मराई ने बताया कि सभी मृतक एक ही परिवार के थे और पिछले करीब आठ महीने से इस मकान में किराये पर रह रहे थे। घटना के कारणों की जांच की जा रही है और किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
घटनास्थल पर फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम साक्ष्य जुटाने में लगी है। पुलिस हत्या, आत्महत्या और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, साजिद अली मौदहापारा क्षेत्र में बैटरी रिपेयरिंग का काम करते थे। पड़ोसियों का कहना है कि परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था और उन पर कुछ कर्ज भी था। वसूली के लिए रिकवरी एजेंटों का घर पर आना-जाना रहता था। हालांकि, पुलिस ने अभी तक घटना के पीछे किसी एक कारण की पुष्टि नहीं की है और जांच जारी है।

