अंबिकापुर, 20 जुलाई (आरएनएस)। सरगुजा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 50 हजार रुपये मूल्य की होंडा शाइन मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, बाबूपारा अंबिकापुर निवासी गंगा प्रसाद बंजारे ने 13 जुलाई को थाना मणीपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 जुलाई की रात वह ड्यूटी के लिए जिला अस्पताल अंबिकापुर अपनी होंडा शाइन (सीजी-09-जेई-7588) से गया था। अस्पताल परिसर में वाहन खड़ा करने के बाद ड्यूटी पूरी कर लौटा तो मोटरसाइकिल गायब थी। शिकायत के आधार पर थाना मणीपुर में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 130/2026 के तहत धारा 305(बी) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा के निर्देशन में पुलिस टीम ने जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर समीर अंसारी उर्फ गजनी (22 वर्ष) निवासी नवागढ़, महामाया मंदिर के पास, अंबिकापुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मठपारा के पास झाडिय़ों में छिपाकर रखी गई चोरी की होंडा शाइन मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त कर ली। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी की बाइक बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा था।
जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से भी चोरी और आगजनी सहित अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस ने बताया कि वारदात में शामिल दूसरा आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश जारी है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मणीपुर उपनिरीक्षक सी.पी. तिवारी, सहायक उपनिरीक्षक अनिल पांडे, प्रधान आरक्षक नरेंद्र जांगड़े तथा आरक्षक उमाशंकर साहू, रामाशंकर यादव, विवेक राय, नितिन सिन्हा, सलीम मलिक एवं सैनिक दिनेश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

