रायपुर, 20 जुलाई (आरएनएस)। राजधानी रायपुर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए यातायात पुलिस और नगर निगम ने संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान के तहत रेलवे स्टेशन चौक, गुरुद्वारा चौक से संजय गांधी चौक तक सड़क और फुटपाथ पर किए गए अवैध अतिक्रमण हटाए गए, जिससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था पहले से अधिक सुगम हो गई।
डीसीपी यातायात डॉ. अर्चना झा के निर्देश पर थाना प्रभारी यातायात फाफाडीह के नेतृत्व में नगर निगम की जोन एवं सेंट्रल टीम ने सड़क के दोनों ओर बेतरतीब ढंग से लगाए गए हाथ ठेलों, गुमटियों और अन्य अस्थायी अतिक्रमणों के खिलाफ कार्रवाई की। साथ ही उन दुकानदारों पर भी कार्रवाई की गई, जिन्होंने अपना सामान सड़क तक फैलाकर यातायात में बाधा उत्पन्न कर रखी थी।
अभियान के दौरान अतिक्रमणकर्ताओं को समझाइश देते हुए बताया गया कि सड़क और फुटपाथ आमजन के निर्बाध आवागमन के लिए हैं। सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण से यातायात प्रभावित होता है, दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ती है और नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ता है। भविष्य में दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी भी दी गई।
संयुक्त कार्रवाई के बाद रेलवे स्टेशन चौक, गुरुद्वारा चौक और संजय गांधी चौक क्षेत्र में यातायात अधिक व्यवस्थित और सुचारु दिखाई दिया। स्थानीय नागरिकों, वाहन चालकों और राहगीरों ने अभियान की सराहना करते हुए ऐसे अतिक्रमण हटाओ अभियान नियमित रूप से चलाने की मांग की।
डीसीपी यातायात डॉ. अर्चना झा ने व्यापारियों और नागरिकों से अपील की कि वे सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक मार्ग पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें तथा सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि यातायात पुलिस और नगर निगम की ओर से ऐसे संयुक्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

