बलरामपुर-रामानुजगंज, 21 जुलाई (आरएनएस)। जिले के त्रिकुण्डा थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर एक शिक्षक की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथौड़ा और चाकू भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम राधानगर (चितामांदा पारा) निवासी जय सिंह जगते ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके परिवार और हरिमोहन जगते के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।
शिकायत के मुताबिक, 20 जुलाई 2026 को उनके बड़े भाई जयकरण जगते, जो धमनी स्कूल में पढ़ाने के लिए मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी रास्ते में बथान के पास हरिमोहन जगते और बृजमोहन जगते ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने जमीन विवाद को लेकर जयकरण को सड़क किनारे खींचकर उन पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
प्रार्थी की शिकायत पर थाना त्रिकुण्डा में अपराध क्रमांक 56/2026 के तहत धारा 103(2) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा और चाकू बरामद कर जब्त किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरिमोहन जगते और बृजमोहन जगते, दोनों निवासी ग्राम राधानगर, थाना त्रिकुण्डा, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को 21 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय रामानुजगंज में पेश किया। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
0

