० स्व सहायता समूहों की आर्थिक प्रगति पर हुआ मंथन
सुकमा, 21 जुलाई (आरएनएस)। सहायक राज्य कार्यक्रम प्रबंधक संतोष शर्मा ने मंगलवार को सुकमा जिले का भ्रमण कर स्व-सहायता समूहों की महिलाओं के साथ वित्तीय सशक्तिकरण और समूहों की आर्थिक प्रगति को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की। भ्रमण के दौरान विभिन्न ग्राम संगठनों एवं संकुल संगठनों की महिलाओं के साथ क्षेत्रीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें वित्तीय समावेशन, बैंक लिंकेज, ऋण अदायगी, एनपीए में कमी तथा समूहों की वित्तीय स्थिति को और मजबूत बनाने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने महिलाओं को बैंकिंग सेवाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने और वित्तीय अनुशासन के साथ समूहों को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रेरित किया।
इसके पश्चात जिला पंचायत के सभाकक्ष में बैंक लिंकेज एवं एनपीए विषय पर जिला स्तरीय समीक्षा एवं प्रशिक्षण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समूहों की बैंकिंग सेवाओं तक पहुँच बढ़ाने, समय पर ऋण पुनर्भुगतान सुनिश्चित करने, एनपीए को कम करने तथा वित्तीय अनुशासन को मजबूत बनाने के साथ आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया। बैठक का उद्देश्य स्व-सहायता समूहों को वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बनाते हुए उनकी बैंकिंग गतिविधियों को गति प्रदान करना और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में नए अवसर उपलब्ध कराना रहा।
बैठक में जिला मिशन प्रबंधन इकाई बिहान के अधिकारी-कर्मचारी, विकासखंड स्तरीय टीम, बैंक सखी एवं स्व-सहायता समूहों की महिलाएँ उपस्थित रहीं। सभी प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए समूहों की वित्तीय प्रगति, ऋण अदायगी में सुधार और वित्तीय सशक्तिकरण को प्रभावी बनाने के लिए अपने महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए। बैठक के माध्यम से जिले में स्व-सहायता समूहों को मजबूत बनाने, बैंकिंग सेवाओं से जोडऩे और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयासों को और गति देने का संदेश दिया गया।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

