सुकमा, 21 जुलाई (आरएनएस)। टीएल बैठक के दौरान कलेक्टर अमित कुमार ने आयुष्मान भारत-पीएम-जय योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और आमजन को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ पहुंचाने में उत्कृष्ट कार्य करने वाले तीन स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कलेक्टर अमित कुमार ने स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले द्वारा आयुष्मान कार्ड निर्माण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
20 जून से 20 जुलाई तक आयुष्मान कार्ड निर्माण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले कर्मचारियों में दिकेश्वर साहू, छिंदगढ़ ने 108 आयुष्मान कार्ड बनाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं पीएचसी गोल्लापल्ली के श्री सुशील यादव ने 75 तथा सिंगल विंडो के अजय कुमार सोरी ने 80 आयुष्मान कार्ड बनाकर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तीनों स्वास्थ्य कर्मियों को कलेक्टर द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
जिला प्रशासन द्वारा आयुष्मान भारत-पीएम-जय योजना के तहत अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन की सक्रिय पहल और स्वास्थ्य कर्मियों की प्रतिबद्धता से जिले में योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। कलेक्टर अमित कुमार ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इसी समर्पण और गति के साथ कार्य करते हुए शासन की जनहितकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

