० विभागीय समन्वय और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर प्लानिंग पर जोर
सुकमा, 21 जुलाई (आरएनएस)। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री गतिशक्ति योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्टर सभाकक्ष में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के तत्वावधान में आयोजित कार्यशाला की अध्यक्षता कलेक्टर श्री अमित कुमार ने की। कार्यशाला का शुभारंभ महाप्रबंधक, उद्योग विभाग कैलाश कश्यप ने किया। उन्होंने योजना की अवधारणा, उद्देश्यों एवं महत्व पर प्रकाश डालते हुए आधारभूत संरचना परियोजनाओं की एकीकृत योजना और त्वरित क्रियान्वयन के लिए विभागीय समन्वय को आवश्यक बताया।
कार्यशाला में उद्योग संचालनालय, रायपुर से विषय विशेषज्ञ कुमुद मिश्रा, सहायक संचालक एवं प्रिया, जीआईएस एक्सपर्ट ने प्रधानमंत्री गतिशक्ति पोर्टल के प्रभावी उपयोग, विभागीय डेटा लेयर के एकीकरण, आधारभूत संरचना परियोजनाओं के समन्वित नियोजन तथा विभिन्न विभागों की भूमिका एवं दायित्वों की विस्तार से जानकारी दी। प्रतिभागियों को पोर्टल के व्यावहारिक उपयोग और उपलब्ध संसाधनों के बेहतर समन्वय के माध्यम से योजनाओं को अधिक प्रभावी एवं समयबद्ध तरीके से लागू करने की जानकारी भी प्रदान की गई। कार्यशाला में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकुंद ठाकुर, अतिरिक्त वनमंडलाधिकारी सुमेर सहित जिले के समस्त विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं संबंधित विभागीय ऑपरेटर उपस्थित रहे।
कार्यशाला के समापन अवसर पर कलेक्टर अमित कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री गतिशक्ति योजना जिले में आधारभूत संरचना के विकास को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पोर्टल का नियमित एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने तथा विकास परियोजनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागों के बीच बेहतर तालमेल और साझा डेटा के प्रभावी उपयोग से संसाधनों का समुचित इस्तेमाल सुनिश्चित होगा तथा जिले में विकास कार्यों की गति और गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार आएगा।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

