० बैंकिंग योजनाओं, साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल वित्तीय लेन-देन की दी गई जानकारी
रायपुर, 21 जुलाई (आरएनएस)। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में संचालित प्रोजेक्ट पाई-पाई के तहत भारतीय रिजर्व बैंक, नवा रायपुर के नेतृत्व में कृष्णा इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल, धनलक्ष्मी नगर, भनपुरी में आज वित्तीय साक्षरता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को बैंकिंग सेवाओं, वित्तीय प्रबंधन तथा सुरक्षित डिजिटल लेन-देन के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को बैंकिंग योजनाओं, बजट निर्माण, बचत एवं निवेश के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही डिजिटल अरेस्ट, साइबर फ्रॉड एवं ऑनलाइन ठगी जैसे बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में भी बताया गया। विशेषज्ञों ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को सतर्क रहकर सुरक्षित बैंकिंग व्यवहार अपनाना चाहिए।
इस अवसर पर राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 तथा बैंकिंग लोकपाल हेल्पलाइन 14448 की जानकारी भी दी गई, ताकि वित्तीय धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त की जा सके। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नोटों की पहचान, शिक्षा ऋण, ऋण के सही उपयोग तथा प्रधानमंत्री जन-धन योजना, सामाजिक सुरक्षा बीमा योजनाओं एवं पेंशन योजनाओं की भी जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में भारतीय रिजर्व बैंक, नवा रायपुर से सहायक महाप्रबंधक (एजीएम) सत्येंद्र राठौर, एलडीओ नवीन तिवारी एवं आकाश उपस्थित रहे। जिला अग्रणी बैंक (बैंक ऑफ बड़ौदा) की ओर से एलडीएम मोहम्मद मोफिज, एफएलसीएस दिलीप कुमार यदु एवं हरीश पांड्या ने भी विद्यार्थियों को वित्तीय साक्षरता एवं सुरक्षित बैंकिंग के संबंध में मार्गदर्शन दिया।
विद्यालय की निदेशक हरजीत कौर बग्ग एवं प्राचार्य सरिता सिंह ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों में वित्तीय अनुशासन एवं डिजिटल सुरक्षा के प्रति समझ विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

