रायपुर, 21 जुलाई (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ पुलिस मुख्यालय ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए एएसपी और डीएसपी रैंक के 10 अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति सूची जारी की है। जारी आदेश के तहत विभिन्न जिलों में पदस्थ अधिकारियों को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) और आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू), रायपुर में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जारी आदेश के अनुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) नीतेश कुमार गौतम, जो वर्तमान में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में पदस्थ थे, उन्हें प्रतिनियुक्ति पर एसीबी-ईओडब्ल्यू रायपुर भेजा गया है।
इसके अलावा डीएसपी स्तर के अधिकारियों में सिद्धांत तिवारी (रायगढ़), मंजुलता राठौर (गरियाबंद), राजेश कुमार झा (बेमेतरा), दीपमाला कुर्रे (बस्तर), मोनिका श्याम (सुकमा), रोशन आहुजा (बीजापुर), रविकांत सहारे (सुकमा) और एलेक्जेंडर किरो (राजनांदगांव) को भी एसीबी-ईओडब्ल्यू रायपुर में प्रतिनियुक्त किया गया है।
पुलिस विभाग के अनुसार यह फेरबदल प्रशासनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए किया गया है। माना जा रहा है कि एसीबी और ईओडब्ल्यू में अनुभवी अधिकारियों की तैनाती से भ्रष्टाचार और आर्थिक अपराधों से जुड़े मामलों की जांच में तेजी आएगी और कार्रवाई अधिक प्रभावी होगी।
प्रतिनियुक्त अधिकारियों को जल्द ही नई जिम्मेदारी संभालने के निर्देश जारी किए जाने की संभावना है। पुलिस महकमे में इस आदेश को महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

