रायपुर,22 जुलाईं (आरएनएस) ।NEETपेपर लीक के विरोध में दिल्ली में चल रहे प्रदर्शन का असर अब छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भी देखने को मिला। यहां भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी की स्थिति बन गई। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोडऩे और वाटर कैनन से पानी की बौछार करनी पड़ी।जानकारी के मुताबिक, दिल्ली में NEET पेपर लीक मामले को लेकर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा द्वारा प्रधानमंत्री आवास के सामने किए गए प्रदर्शन के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन की ओर कूच किया। भाजपा ने इसे प्रधानमंत्री की सुरक्षा में सेंध का मामला बताते हुए
कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया।वहीं, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के खिलाफ कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर की ओर मार्च करने का प्रयास किया।स्थिति को देखते हुए पुलिस ने पहले से सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी। शंकर नगर क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने की व्यवस्था की गई थी। वहीं भाजपा कार्यालय के सामने भी बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।राजीव भवन के सामने भाजपा के प्रदर्शन के दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। मौके पर पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और वाटर कैनन से तेज पानी की बौछार की। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं को अलग किया और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
०००

