रायपुर,22 जुलाईं (आरएनएस)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री आवास के बाहर किए गए प्रदर्शन के विरोध में भाजपा रायपुर जिला इकाई ने कांग्रेस कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कांग्रेस पर देश में अराजकता और हिंसा का माहौल पैदा करने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए किरण देव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ गलत बयानबाजी, अपशब्दों का इस्तेमाल और प्रधानमंत्री आवास के बाहर आंदोलन कर राहुल गांधी और कांग्रेस देश का माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि राहुल गांधी आखिर चाहते क्या हैं। देव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे हैं और युवाओं के आंदोलनों को राजनीतिक रंग देने का प्रयास किया जा रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने छत्तीसगढ़ की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधते हुए पीएससी परीक्षा में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ। उन्होंने कहा कि भाजपा और देश की जनता कांग्रेस की इस राजनीति का विरोध करती रहेगी।
राहुल गांधी की राजनीतिक उच्छृंखलता : अरुण साव
प्रदर्शन के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि बिना किसी सूचना के प्रधानमंत्री निवास के बाहर जाकर प्रदर्शन करना उनकी राजनीतिक उच्छृंखलता को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी खुद को देश और संविधान से बड़ा मानते हैं तथा संवैधानिक संस्थाओं पर भरोसा नहीं करते।
अरुण साव ने कहा कि राहुल गांधी ने देश में अराजकता फैलाने की कोशिश की है, जिसे देश की जनता स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनता भाजपा के साथ खड़ी है और कांग्रेस लगातार राजनीतिक रूप से कमजोर हो रही है।
भाजपा के कई बड़े नेता रहे मौजूद
कांग्रेस कार्यालय घेराव कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, अखिलेश सोनी और डॉ. नवीन मार्कंडेय, कैबिनेट मंत्री ओपी चौधरी, श्यामबिहारी जायसवाल, लखनलाल देवांगन, दयालदास बघेल, गुरु खुशवंत साहेब, टंकराम वर्मा, विधायक राजेश मूणत, पुरंदर मिश्रा सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इसके अलावा महापौर मीनल चौबे, भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, जिला प्रभारी राजेंद्र शर्मा, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी, जिला महामंत्री गुंजन प्रजापति सहित प्रदेश व जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, पार्षद और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन में हिस्सा लिया।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

