रायपुर, 22 जुलाई 2026 (आरएनएस) सोशल मीडिया पर लाइटर पिस्टल के साथ फोटो पोस्ट कर रौब झाड़ना एक युवक को भारी पड़ गया। रायपुर कमिश्नरेट की टिकरापारा थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए युवक के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की और उसे सहायक पुलिस आयुक्त न्यायालय के समक्ष पेश किया।
पुलिस के मुताबिक सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान सूचना मिली कि एक युवक हथियार जैसी दिखने वाली लाइटर पिस्टल के साथ अपनी तस्वीर पोस्ट कर लोगों के बीच गलत संदेश और भय का माहौल बना रहा है। सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस ने युवक की पहचान राहुल छतरी (27 वर्ष), निवासी मठपुरैन बीएसयूपी कॉलोनी, थाना टिकरापारा, रायपुर के रूप में की।
पूछताछ में सामने आया कि राहुल ने लाइटर पिस्टल के साथ फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड किया था। पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस तरह की पोस्ट आमजन में भ्रम और दहशत फैला सकती हैं। इसी वजह से युवक के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई।
कार्रवाई के बाद आरोपी को सहायक पुलिस आयुक्त न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि लाइक, व्यूज और फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए हथियार या हथियार जैसी वस्तुओं के साथ फोटो-वीडियो पोस्ट करने से बचें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, रायपुर पुलिस सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रख रही है। अधिकारियों का कहना है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली हर गतिविधि पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

